Advertisement

विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप

-विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप

मुजफ्फरपुर। छह महीने के मासूम बच्चे के सिर से मां का साया उठ गया। दो साल पहले दुल्हन बनकर ससुराल आई 22 वर्षीय काजल कुमारी की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में बेड पर पड़ा मिला। मृतका के गले पर निशान पाए जाने के बाद घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है।

घटना रामपुरहरि थाना क्षेत्र की मदारीपुर कर्ण पंचायत स्थित कोईला स्थान गांव की है। मृतका की पहचान अर्जुन राय की पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार को घर में उसके पंखे से लटके होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में उसका शव कमरे में बेड पर मिला। गले पर निशान पाए जाने के बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

घटना के बाद मृतका का पति घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है, जबकि उसकी सास ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

मृतका के मायके वालों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।