Advertisement

कांटी में कवि हरिवंश राय बच्चन की जयंती मनाई गई, साहित्यकारों ने किया काव्य पाठ

-कांटी में कवि हरिवंश राय बच्चन की जयंती मनाई गई, साहित्यकारों ने किया काव्य पाठ

मुजफ्फरपुर। कांटी नगर परिषद स्थित साहित्य भवन में शुक्रवार को नूतन साहित्यकार परिषद की ओर से हिंदी के प्रसिद्ध कवि हरिवंश राय बच्चन की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह चंद्र ने की। इस अवसर पर साहित्यकारों एवं साहित्यप्रेमियों ने बच्चन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चंद्रभूषण सिंह चंद्र ने कहा कि हरिवंश राय बच्चन केवल कवि नहीं, बल्कि एक युग थे। उनकी रचनाओं में जीवन का संघर्ष, उल्लास, आशा और आत्मविश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। उनकी कविताएं कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चन ने छायावाद की जटिलता से कविता को निकालकर हालावाद के माध्यम से सरल, सहज और गेय शैली में आम पाठकों तक पहुंचाया। उनकी प्रसिद्ध कृति ‘मधुशाला’ ने हिंदी साहित्य को विशिष्ट पहचान दिलाई। वहीं, उनकी कविता ‘अग्निपथ’ संघर्ष और दृढ़ संकल्प का संदेश देती है। बच्चन की रचनाएं आज भी लोगों को जीवन के उतार-चढ़ाव के बीच जिंदादिली से जीने की सीख देती हैं।

इस दौरान स्वराजलाल ठाकुर, परशुराम सिंह, रामेश्वर सिंह और महेश कुमार ने बच्चन की प्रसिद्ध कविता ‘जो बीत गई…’ का पाठ कर उन्हें काव्यांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में रामेश्वर सिंह, रजनीश कुमार, नंदकिशोर ठाकुर, आदर्श सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।