-1513 शिक्षकों का स्थानांतरण फाइनल, ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड हुआ ट्रांसफर लेटर
मुजफ्फरपुर। जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 1513 शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। लंबे समय से तबादले का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए राहत की खबर है। जिले में 1261 शिक्षकों का सरप्लस स्थानांतरण और 252 शिक्षकों का म्यूचुअल (आपसी) स्थानांतरण स्वीकृत किया गया है। विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद स्थानांतरण पत्र ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं। अब संबंधित शिक्षक पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपना ट्रांसफर लेटर देख सकेंगे।
जिले के प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन किया था। इसके लिए कुल 2863 शिक्षकों ने आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर जिला स्तरीय स्थापना समिति की ओर से पहले 1263 शिक्षकों की प्रोविजनल स्थानांतरण सूची जारी की गई थी।

प्रोविजनल सूची जारी होने के बाद शिक्षकों से प्राप्त आपत्तियों तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत समीक्षा की गई। समीक्षा के बाद अंतिम रूप से 1261 शिक्षकों के सरप्लस स्थानांतरण को मंजूरी दी गई। इसके अलावा 252 शिक्षकों का म्यूचुअल स्थानांतरण भी स्वीकृत किया गया है। इस प्रकार कुल 1513 शिक्षकों का स्थानांतरण अंतिम रूप से पूरा कर लिया गया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा ने बताया कि विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद स्थानांतरण पत्र ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। संबंधित शिक्षक पोर्टल पर जाकर अपना स्थानांतरण पत्र डाउनलोड अथवा देख सकते हैं।












