-मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की राशि का इंतजार, 60 हजार से अधिक छात्राएं एक साल से परेशान
-भुगतान की जानकारी लेने विश्वविद्यालय पहुंचीं छात्राएं
-डीएसडब्ल्यू बोले- विश्वविद्यालय स्तर की प्रक्रिया पूरी
-मुख्यालय से खातों में भेजी जाएगी राशि
मुजफ्फरपुर। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का इंतजार लंबा होता जा रहा है। बीते एक वर्ष से भुगतान की प्रतीक्षा कर रहीं 60 हजार से अधिक छात्राओं की परेशानी बढ़ गई है। विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्राएं भुगतान की स्थिति जानने के लिए विश्वविद्यालय पहुंचीं, लेकिन राशि नहीं मिलने से निराश होकर लौटना पड़ा।
छात्राओं का कहना है कि योजना की राशि जारी होने को लेकर चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक उनके बैंक खातों में भुगतान नहीं पहुंचा है। विश्वविद्यालय में पूछताछ करने पर भुगतान की प्रक्रिया लंबित होने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है।

दूर-दराज के जिलों से विश्वविद्यालय पहुंचने वाली छात्राओं को बार-बार कॉलेज और विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने से आर्थिक एवं मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। छात्राओं ने जल्द प्रोत्साहन राशि का भुगतान करने की मांग की है।
इस मामले में डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर योजना से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं और सत्यापन कार्य पूरे कर लिए गए हैं। अब मुख्यालय स्तर से सीधे पात्र छात्राओं के बैंक खातों में प्रोत्साहन राशि भेजी जाएगी।
स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को उच्च शिक्षा एवं आगे की पढ़ाई में सहयोग देने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत राशि का भुगतान नहीं होने से लाभार्थियों और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ी हुई है। अब छात्राओं की निगाहें मुख्यालय स्तर से होने वाले भुगतान पर टिकी हैं। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही खातों में राशि पहुंचने से लंबे समय से जारी इंतजार समाप्त होगा।












