-सड़क हादसे में ग्रामीण कार्य विभाग के कर्मी की मौत, पत्नी से मिलने जा रहे थे समस्तीपुर
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर में शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में ग्रामीण कार्य विभाग में कार्यरत एक कर्मी की मौत हो गई। हादसा कच्ची पक्की ओपी क्षेत्र के दिघरा के पास हुआ। मृतक की पहचान मधुबनी जिले के आदर्श नगर (गोशाला रोड) निवासी गौरी कांत झा के पुत्र चंदन कुमार झा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार चंदन कुमार झा मोतिहारी के ग्रामीण कार्य विभाग के ढाका डिवीजन में कार्यरत थे। शनिवार सुबह वह बाइक से मोतिहारी से समस्तीपुर जा रहे थे। बताया गया कि उन्हें समस्तीपुर में सरकारी पद पर कार्यरत अपनी पत्नी से मिलने जाना था। इसी दौरान दिघरा के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि चंदन कुमार झा को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कच्ची पक्की ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने मृतक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान की। इसके बाद परिजनों के साथ-साथ ग्रामीण कार्य विभाग में उनके सहकर्मियों को भी घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही उनके सहकर्मी और रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद चंदन कुमार झा की पत्नी भी समस्तीपुर से घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर भेज दिया। कच्ची पक्की ओपी पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।












