-दीपावली से पहले सभी संवर्गों के शिक्षकों को मिलेगा वेतन, डीईओ ने दिया आश्वासन
मुजफ्फरपुर। दीपावली से पहले वेतन भुगतान की मांग को लेकर परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ की जिला कमेटी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से मुलाकात कर वार्ता की। इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने शिक्षकों के वेतन भुगतान में हो रही देरी और अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि दीपावली से पहले सभी संवर्गों के शिक्षकों का वेतन भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा।
वार्ता के दौरान संघ के जिला महासचिव मुनीन्द्र कुमार झा ने कहा कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व से पहले सभी कोटि के शिक्षकों को वेतन मिलना चाहिए।

वेतन भुगतान में देरी से शिक्षकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विभागीय स्तर पर लंबित भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की।
संघ की मांगों पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि सभी संवर्गों के शिक्षकों का वेतन दीपावली से पहले भुगतान करा दिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद संघ ने उम्मीद जताई कि शिक्षकों की समस्या का शीघ्र समाधान होगा।
वार्ता में संघ के प्रमंडलीय संगठन प्रभारी लखन लाल निषाद और जिला प्रवक्ता समरेन्द्र कुमार पवन भी शामिल रहे। शिष्टमंडल ने वेतन भुगतान के अलावा शिक्षकों की अन्य समस्याओं के समाधान की भी मांग की।










