Advertisement

एसकेएमसीएच में महिला डॉक्टर से चेन छिनतई मामले में होगी टीआई परेड

-एसकेएमसीएच में महिला डॉक्टर से चेन छिनतई मामले में होगी टीआई परेड

-जेल में आरोपितों की पहचान करेंगी चिकित्सक
-कोढ़ा गिरोह के दो बदमाश रोहित कुमार और सोनू यादव हो चुके हैं गिरफ्तार
-सीजेएम ने न्यायिक दंडाधिकारी वीनित कुमार को प्रतिनियुक्त किया
-पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर बरामद की थी सोने की चेन

मुजफ्फरपुर। श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) परिसर में महिला चिकित्सक से सोने की चेन छिनतई के चर्चित मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ गई है। गिरफ्तार कोढ़ा गिरोह के दो आरोपितों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जेल में टेस्ट आइडेंटिफिकेशन (टीआई) परेड कराई जाएगी। इसके लिए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) ने न्यायिक दंडाधिकारी वीनित कुमार को विशेष मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त किया है।

उनकी मौजूदगी में पीड़िता महिला चिकित्सक आरोपितों की पहचान करेंगी।
घटना दो अक्टूबर की है। एसकेएमसीएच की महिला चिकित्सक डॉ. मधुलिका सिंह अपनी ड्यूटी के दौरान पोस्टमार्टम हाउस से एमसीएच भवन की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पीछे से आकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मुख्य गेट की ओर फरार हो गए। घटना के बाद चिकित्सक ने अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर कटिहार के कोढ़ा गिरोह के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनकी पहचान रोहित कुमार और सोनू यादव के रूप में हुई। दोनों कोढ़ा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर छिनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली थी।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। अब न्यायालय के निर्देश पर जेल में टीआई परेड की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसमें पीड़िता द्वारा आरोपितों की पहचान की जाएगी। इस प्रक्रिया से मामले में पहचान संबंधी साक्ष्य जुटाने में मदद मिलेगी, जो आगे की न्यायिक कार्रवाई में महत्वपूर्ण होगा।