Advertisement

गोबरसही में फिर गैस रिसाव से मची अफरातफरी, दहशत में घरों से बाहर भागे लोग

-गोबरसही में फिर गैस रिसाव से मची अफरातफरी, दहशत में घरों से बाहर भागे लोग

-पुराने विस्फोट वाले चैंबर के पास पाइपलाइन टेस्टिंग के दौरान रिसाव की सूचना
-एहतियातन 2000 घरों की गैस सप्लाई बंद
-मुख्य सड़क पर आवागमन रोका गया
-एसडीएम,पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची

मुजफ्फरपुर। शहर के गोबरसही-डुमरी रोड में गैस पाइपलाइन विस्फोट की घटना के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि बुधवार को एक बार फिर गैस रिसाव की सूचना से इलाके में अफरातफरी मच गई। वातावरण में गैस की तेज गंध फैलते ही स्थानीय लोग दहशत में आ गए। अनहोनी की आशंका से सैकड़ों लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सोमवार को हुए भीषण हादसे के बाद दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न होने से लोगों में भय का माहौल बन गया।


स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस चैंबर के पास पहले विस्फोट हुआ था, उसी के आसपास से बुधवार को दोबारा गैस निकलती दिखाई दी। स्थानीय निवासी बिरजू गुप्ता ने बताया कि गैस की गंध फैलते ही मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। लोगों का आरोप है कि गैस कंपनी की टीम रात से ही मरम्मत कार्य में जुटी थी, लेकिन क्षतिग्रस्त चैंबर को पूरी तरह दुरुस्त नहीं किया गया था। हालांकि, इस बार रिसाव की तीव्रता पहले की तुलना में कम बताई गई।
इधर, पीएनजी कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, पाइपलाइन में गैस की आपूर्ति दोबारा शुरू करने से पहले तकनीकी टेस्टिंग की जा रही थी। इसी दौरान रिसाव सामने आया। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके के करीब 2000 घरों में गैस की आपूर्ति बंद कर दी गई है। तकनीकी विशेषज्ञों और फील्ड इंजीनियरों की टीम पाइपलाइन नेटवर्क और प्रेशर प्वाइंट की जांच में जुटी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की जांच और मरम्मत पूरी होने के बाद ही गैस आपूर्ति बहाल की जाएगी।
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही एसडीएम, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने एहतियातन मुख्य सड़क पर आवागमन रोक दिया और प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित घेरे में ले लिया। प्रशासन और कंपनी की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लगातार दूसरी बार गैस पाइपलाइन को लेकर उत्पन्न स्थिति ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।