Advertisement

प्रिंटिंग प्रेस व्यवसायी एवं समाजसेवी अजय पटेल का निधन

-प्रिंटिंग प्रेस व्यवसायी एवं समाजसेवी अजय पटेल का निधन

-शहर में शोक की लहर
-50 वर्षों से श्री दुर्गा प्रेस का कर रहे थे संचालन
-सामाजिक गतिविधियों में भी थी गहरी रुचि
-गुरुवार सुबह 8 बजे सिकंदरपुर मुक्ति धाम के लिए निकलेगी अंतिम यात्रा

मुजफ्फरपुर। शहर के प्रतिष्ठित प्रिंटिंग प्रेस व्यवसायी एवं समाजसेवी अजय पटेल (75 वर्ष) का बुधवार, 4 नवंबर की सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर से शहर के व्यवसायिक, सामाजिक एवं साहित्यिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
स्वर्गीय अजय पटेल पिछले करीब 50 वर्षों से शहर में श्री दुर्गा प्रेस का संचालन कर रहे थे। अपने लंबे व्यावसायिक जीवन में उन्होंने अपनी मेहनत, व्यवहार और सामाजिक सक्रियता से विशिष्ट पहचान बनाई थी। व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी गहरी रुचि थी। वर्ष 2000 में उन्होंने वार्ड सदस्य का चुनाव भी लड़ा था।


उनका जन्म शहर के मोतीझील स्थित हमदर्द गली में हुआ था। वर्ष 1958 से वे सिकंदरपुर में रह रहे थे। वर्तमान में उनका आवास सिकंदरपुर स्थित घी सेंटर, हनुमान मंडल के समीप वार्ड संख्या-13 में था। वे अपने पीछे तीन पुत्रों सोनू सरकार, मनीष और सतीश, एक पुत्री, तीन पोते और दो पुत्रवधुओं सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
उनकी अंतिम यात्रा गुरुवार, 5 नवंबर को सुबह 8 बजे उनके सिकंदरपुर स्थित आवास से सिकंदरपुर मुक्ति धाम के लिए प्रस्थान करेगी।
उनके निधन पर रमेश रत्नाकर, नसीमा खातून, मुस्कान केशरी, अजय शर्मा, डॉ. सुनील प्रकाश, प्रो. संतोष सारंग, स्मृति सुमन, कवि कुमार विरल, राकेश पटेल, हेमनारायण विश्वकर्मा, अमीर हमजा, जयकांत सिंह, मुकेश सोना, सम्राट संतोष, राम बाबू भक्त, अरविन्द पटेल, यशवंत कुमार, अनिल प्रकाश, उमाशंकर सहनी, अशोक पटेल, कुंदन कुमार, भारती सिन्हा, सुदर्शन प्रकाश, रवि खन्ना, संजय राय, संजीव साहू, भाई दिनेश, प्रो. इम्तियाज, नदीम खान, श्यामल श्रीवास्तव, कठपुतली कलाकार सुनील कुमार, लोक गायिका अनिता कुमारी समेत शहर के अनेक गणमान्य लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।