Advertisement

सड़क खोदकर छोड़ देने से लोगों की परेशानी बढ़ी, 500 घरों का आवागमन प्रभावित

-सड़क खोदकर छोड़ देने से लोगों की परेशानी बढ़ी, 500 घरों का आवागमन प्रभावित

मुजफ्फरपुर। शहर के बदलते विकास कार्यों के बीच नगर निगम की लापरवाही लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। मुजफ्फरपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-2 स्थित रोड नंबर-3 हाट के पास करीब 100 फीट नाली निर्माण कार्य के लिए सड़क को बीच में खोदा गया, लेकिन एक महीने बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क खोदने के बाद उसे ऐसे ही छोड़ दिया गया है, जिससे इलाके के करीब 500 घरों के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गड्ढा होने से राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी हो रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नाली निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सड़क को सुचारू रूप से चालू कराने की मांग की है।

इलाके के लोगों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी है, लेकिन अधूरे कार्यों के कारण आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब लोगों की नजर नगर निगम प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।