-बाढ़ के बीच राहत की खबर: एमआरडी इंटर कॉलेज से शुरू हुई हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की सेवा
मुजफ्फरपुर। कांटा क्षेत्र के ग्रामीण युवाओं द्वारा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को नियमित रूप से संचालित कराने की मांग को लेकर दिए गए आवेदन पर प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया है। बाढ़ की वर्तमान स्थिति को देखते हुए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की स्वास्थ्य सेवाएं तत्काल प्रभाव से एमआरडी इंटर कॉलेज परिसर से अस्थायी रूप से शुरू कर दी गई हैं।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि बाढ़ के कारण उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत स्वास्थ्य सेवाएं एमआरडी इंटर कॉलेज परिसर से संचालित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य क्षेत्र के मरीजों, बच्चों, बुजुर्गों और अन्य जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इलाज के लिए दूर जाने की परेशानी नहीं उठानी पड़े।

क्षेत्र के लोगों से अपील की गई है कि वे एमआरडी इंटर कॉलेज परिसर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होते ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को उसके मूल भवन से नियमित एवं सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा।
आवेदनकर्ताओं प्रभात मिश्रा, अभिषेक सुमन, मयंक मिश्रा एवं रोहित ठाकुर ने जनहित में त्वरित संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कराने के लिए प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि बाढ़ समाप्त होने के बाद स्वास्थ्य केंद्र को जल्द उसके मूल भवन में स्थानांतरित कर नियमित रूप से संचालित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की जनता को स्थायी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।












