Advertisement

केविवि के मीडिया विभाग में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित

-केविवि के मीडिया विभाग में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

महात्मा गाँधी केन्द्रीय विश्वविद्यालय के मीडिया अध्ययन विभाग में 2026 सत्र के बीए-एमए एकीकृत पाँच वर्षीय पत्रकारिता एवं जनसंचार पाठ्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. अंजनी कुमार झा ने की। स्वागत उद्बोधन में आचार्य डॉ. साकेत रमण ने कहा कि यह विभाग एक परिवार है और पत्रकारिता जीवन मूल्यों को सहेजने के साथ सामाजिक सरोकारों की यात्रा है। विभाग हर कदम पर विद्यार्थियों की सहायता करेगा।

आचार्य डॉ. परमात्मा कुमार मिश्र ने पत्रकारिता के अहम पहलुओं पर बात की और विभाग की लैब व स्टूडियो की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कक्षा में संवाद जरूरी है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बिहार लोकसेवा आयोग के पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ आचार्य प्रो. अरुण कुमार भगत ने स्वाधीनता संग्राम से उदाहरण देते हुए पत्रकारिता के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता तथ्य के जरिए सत्य की खोज है और लोकतंत्र को मजबूत करने में इसकी बड़ी भूमिका है।

अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. झा ने पाठ्यक्रम की जानकारी, मीडिया के नए आयाम और रैगिंग संबंधी नियम बताए। उन्होंने कहा कि नए करियर विकल्पों के साथ पत्रकारिता के मूल्यों और तकनीक की समझ भी जरूरी है। सफलता के साथ अच्छा आचरण भी आवश्यक है।

धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुनील दीपक घोड़के ने किया। मंच संचालन शोधार्थी रुचि भारती और तकनीकी समन्वय आशीष कुमार ने किया।

– प्रवेश संबंधी सूचना

मीडिया अध्ययन विभाग में बीए-एमए एकीकृत पाँच वर्षीय पाठ्यक्रम की रिक्त सीटों के लिए ओपन काउंसलिंग होगी।

– रिक्त सीटें

ओबीसी-एनसीएल- 03, एससी- 01, एसटी- 02, सेल्फ फाइनेंस- 11

आवेदन की अंतिम तिथि 20 अगस्त, 2026 है।
जिन विद्यार्थियों ने CUET-2026 नहीं दिया है, वे निर्धारित शुल्क जमा कर पंजीकरण कर सकते हैं। शुल्क, योग्यता और अन्य जानकारी के लिए केविवि की वेबसाइट देखें।