-राजापाकर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंजा इलाका
राजापाकर, संजय श्रीवास्तव। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में बुधवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सूर्य प्रताप सिंह सेंगर के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजापाकर के परिसर से निकली तिरंगा यात्रा प्रखंड मुख्यालय के हाई स्कूल चौक, पुरानी बाजार, पोस्ट ऑफिस चौक, शनिचर हाट चौक, कुशवाहा चौक एवं थाना रोड होते हुए पुनः हाई स्कूल चौक पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। विद्यालय परिसर में राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।

मौके पर बीडीओ डॉ. सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक भारतीय के लिए राष्ट्रीय ध्वज का विशेष महत्व है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम सभी गर्व के साथ तिरंगा फहराते हैं और देश की एकता एवं अखंडता का संकल्प लेते हैं।
बताया गया कि हर घर तिरंगा अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मनाया जा रहा है। अभियान के तहत समाज के सभी वर्गों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और देशभक्ति की भावना के प्रति जागरूक किया जा रहा है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भी इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में अंचलाधिकारी निशा यादव, बीपीआरओ सुधी कुमार रंजन, प्रभारी प्रधानाध्यापक बिंदेश्वर प्रसाद सिंह, जेई विक्रम कुमार, तापसी प्रसाद सिंह, सुबोध सिंह, मंजय कुशवाहा, मुकेश पटेल, नितीश कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे।












