Advertisement

श्रावणी मेला: बाबा गरीबनाथ मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पांच स्थानों पर दमकल वाहनों की तैनाती

-श्रावणी मेला: बाबा गरीबनाथ मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पांच स्थानों पर दमकल वाहनों की तैनाती

मुजफ्फरपुर। विश्वप्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर में श्रावणी मेले के दौरान आने वाले लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क है। 30 जुलाई से 24 अगस्त 2026 तक चलने वाले मेले में किसी भी अग्निकांड या आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विस्तृत कार्ययोजना लागू कर दी गई है। इसके तहत शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर दमकल वाहनों और प्रशिक्षित अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की गई है।
जारी आदेश के अनुसार जिला स्कूल परिसर में वाटर टेंडर (BR01GP-0386) के साथ सब ऑफिसर अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में अग्निशमन दल तैनात रहेगा। रामदयालु कॉलेज में वाटर टेंडर (BR01GA-9505) के साथ सब ऑफिसर राजेश कुमार प्रधान और उनकी टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं द्वारकानाथ स्कूल में वाटर टेंडर (BR06GG-1165) के साथ सब ऑफिसर दीपक कुमार के नेतृत्व में अग्निशमन दल मुस्तैद रहेगा।


इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष में मिस्ट टेक्नो वाहन (BR06GB-6697) के साथ अग्निक निरंजन कुमार ठाकुर की तैनाती की गई है, जबकि तुर्की (कुढ़नी प्रखंड) में मिस्ट टेक्नो वाहन (BR06GD-7321) के साथ अग्निक अमूल्य आनंद एवं बिन्दु कुमार को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी किसी भी आपात स्थिति का तत्काल सामना किया जा सके।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने सभी तैनात कर्मियों को वाटरप्रूफ जैकेट, निर्धारित यूनिफॉर्म तथा आवश्यक अग्निशमन उपकरणों के साथ पूरी सतर्कता से ड्यूटी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मेले के दौरान आग लगने की किसी भी संभावित घटना से तुरंत निपटने के लिए आसपास के सरकारी एवं निजी हाइड्रेंटों की जांच कर उन्हें पूरी तरह सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ 24 घंटे मुस्तैद रहेंगे।