-शिवहर में शादी समारोह में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हाहाकार
-पंडाल समेत लाखों की संपत्ति जलकर राख
शिवहर (फतेहपुर)। संवाददाता।
शिवहर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के कहतरवा गांव में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब अचानक गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयानक था कि शादी का सजा हुआ पंडाल, घर का सामान, फर्नीचर, कपड़े और खाद्य सामग्री सबकुछ जलकर राख हो गया। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है और गांव में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुरेश साह की सबसे छोटी बेटी की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। 1 मई को तरियानी छपरा से बारात आने वाली थी। रिश्तेदारों की चहल-पहल चल रही थी, पंडाल सज चुका था और खाना बनने की तैयारी हो रही थी। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हुआ और आग ने तेजी से पंडाल और घर को अपनी चपेट में ले लिया।

धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मौके पर अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन तब तक अधिकतर सामान जल चुका था।
आग लगते ही शादी स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग इधर-उधर भागने लगे। कई लोगों ने जान बचाने के लिए खेतों की ओर दौड़ लगाई। शादी की सारी खुशियां चंद मिनटों में राख में तब्दील हो गईं। हालांकि हादसे के बावजूद बिटिया की शादी सीमित रूप में संपन्न कराई गई।
घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना अध्यक्ष कोमल रानी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत कार्यों की निगरानी की। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने की प्राथमिक वजह गैस सिलेंडर ब्लास्ट मानी जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
#शिवहर_समाचार #गैससिलेंडरब्लास्ट #शादी_में_आग #कहतरवा_गांव #दुर्घटना_समाचार #फतेहपुर_हादसा #आग_की_त्रासदी











