Advertisement

लूटपाट के 15 मिनट के अंदर बाइक के साथ अपराधी गिरफ्तार

-लूटपाट के 15 मिनट के अंदर बाइक के साथ अपराधी गिरफ्तार

संवाददाता। जमुई।

जमुई पुलिस ने लूटकांड के महज 15 मिनट के अंदर एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया साथ ही लूट का बाइक भी पुलिस ने बरामद कर लिया। मामला जमुई के मलयपुर मुख्य मार्ग पर स्थित खैरमा पुल के पास की है जहां बुधवार की रात अपराधियों ने शादी समारोह में शिरकत करने जा रहे एक व्यक्ति से हथियार के बल पर बाइक और बीस हजार रूपये लूट लिया था। पीड़ित ने घटना की सूचना तुरंत जमुई के एसपी को फोन कर दी जिसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और घेराबंदी कर महज 15 मिनट के अंदर लूट के बाइक के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार बदमाश की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के हसदी निवासी बिजली यादव के पुत्र फाल्गुनी यादव के रूप में की गई। मामले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीती रात मलयपुर थाना क्षेत्र के कटौना निवासी प्रभात कुमार पाण्डेय एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे तभी घात लगाये अपराधियों ने हथियार के बल पर उनका बाइक और बीस हजार रूपये लूट लिए।
घटना की सूचना उन्होंने एसपी को दी जिसके बाद जमुई के एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में टाउन थाना और मलयपुर थाना की पुइल्स ने खैरमा बाजार में घेराबंदी की और अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाश के पास से लूट का बाइक भी बरामद कर लिया है। फ़िलहाल गिरफ्तार अपराधी से पुलिस पूछताछ कर रही है।