Advertisement

राज्यपाल की मौजूदगी में मोतिहारी में होगा ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान सम्मेलन’

-राज्यपाल की मौजूदगी में मोतिहारी में होगा ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान सम्मेलन’

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। कृषि, पशुपालन एवं मात्स्यिकी उद्यमी उन्नति मेला-2026 के दूसरे दिन 2 सितंबर को मोतिहारी के महात्मा गांधी ऑडिटोरियम में ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कृषि विज्ञान, राष्ट्रसेवा, सैनिक कल्याण और ग्रामीण विकास के बीच समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में राज्यपाल कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इनमें हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) तथा रक्षा मंत्रालय के सीएसआर फंड से निर्मित बालिका छात्रावास और सांसद निधि से निर्मित डिफेंस कैंटीन एवं स्टोर भवन का उद्घाटन शामिल है। वहीं भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) द्वारा वित्तपोषित डिफेंस एन्क्लेव प्रदर्शनी केंद्र का शिलान्यास भी किया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री एवं रक्षा संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष सांसद राधा मोहन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कृषि विज्ञान केंद्र, पिपराकोठी द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कुलपति डॉ. पी.एस. पांडेय, झारखंड एवं बिहार सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल जितेन्द्र सिंह, वीएसएम तथा मध्य कमान, लखनऊ के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
सम्मेलन में कृषि वैज्ञानिकों, विश्वविद्यालयों एवं आईसीएआर संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ प्रगतिशील किसान, कृषि उद्यमी, पूर्व सैनिक, युवा और विभिन्न विभागों के अधिकारी भाग लेंगे। आयोजन के माध्यम से किसानों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के साथ कृषि, रक्षा और ग्रामीण विकास के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।