-सोना-चांदी व्यवसायी संघ का जल्द स्थापित होगा नया कार्यालय, तीन साल में भवन निर्माण का लक्ष्य : राजीव
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। सोना-चांदी व्यवसायी संघ, जनकपुरधाम का जल्द ही नया कार्यालय स्थापित किया जाएगा। संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजीव कुमार साह ‘चंदन’ ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि उनके तीन वर्ष के कार्यकाल में जमीन खरीदकर संघ का अपना भवन बनाने का प्रयास रहेगा।
अध्यक्ष चंदन ने बताया कि संघ की ओर से मानव सेवा आश्रम को 51 हजार रुपये देने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा समाजसेवी पवन सिंहानिया द्वारा लावारिस शवों के अंतिम संस्कार के लिए बनाए गए कोष में भी 51 हजार रुपये देने की सहमति बनी है।

उन्होंने कहा कि संघ के बुजुर्ग सोना-चांदी व्यवसायियों को निःशुल्क भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों का दर्शन कराने की योजना भी बनाई गई है। इससे वरिष्ठ व्यवसायियों को धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर मिलेगा।
अध्यक्ष ने इस बात पर भी प्रसन्नता जताई कि सोना-चांदी की दुकानों में कार्यरत भारतीय कारीगरों के लिए भारतीय वाणिज्य महादूतावास, वीरगंज की ओर से एम्बेसी कार्ड बनाया जाएगा। इसके लिए भारतीय वाणिज्य महादूतावास के महावाणिज्यदूत श्री देवी सहाय मीणा ने सहमति जताई है। संघ ने इसे भारतीय कारीगरों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया है।












