Advertisement

गायघाट में सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा क्षेत्र

-गायघाट में सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा क्षेत्र

दीपक कुमार/गायघाट। सावन की अंतिम सोमवारी पर सोमवार को गायघाट प्रखंड समेत जिले के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में शिवभक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। खासकर महिलाओं में पूजा-अर्चना को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
गायघाट और बेनीबाद क्षेत्र के प्रमुख शिवालयों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों के मंदिरों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को फल, फूल, नैवेद्य, भांग, धतूरा और बेलपत्र अर्पित कर पूजा-अर्चना की।

इसके बाद शिवलिंग पर जलाभिषेक कर अपने और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की।
पूजा के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। शहर से लेकर गांव तक श्रद्धालु शिवभक्ति में लीन नजर आए। अंतिम सोमवारी को लेकर मंदिर समितियों की ओर से विशेष तैयारी की गई थी। मंदिरों को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था, जिससे शिवालयों की खूबसूरती देखते ही बन रही थी।
मंदिरों में रुद्राभिषेक का भी आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने इसमें हिस्सा लिया और विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा की। इस दौरान कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।अंतिम सोमवारी को लेकर पूरे गायघाट क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।