-राजापाकर में मोरल क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी की बैठक, बचत को बताया भविष्य की सुरक्षा का आधार
राजापाकर/वैशाली, संजय श्रीवास्तव। प्रखंड मुख्यालय स्थित राजापाकर बाजार के सामुदायिक भवन परिसर में मोरल क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी शाखा राजापाकर के महिला एवं पुरुष सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोसाइटी के रीजनल मैनेजर कुंदन कुमार तथा हाजीपुर शाखा के शाखा प्रबंधक वरुण कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए रीजनल मैनेजर कुंदन कुमार ने कहा कि मोरल क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी एफएमसीजी, फार्मा, हेल्थ केयर, रियल एस्टेट, गारमेंट्स तथा नॉन-बैंकिंग समेत विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सोसाइटी के माध्यम से लोगों के लिए एफडी और डेली डिपॉजिट जैसी बचत योजनाएं संचालित की जाती हैं, जिनके तहत खाताधारकों को निर्धारित अवधि पूरी होने पर उनकी जमा राशि का भुगतान किया जाता है।
उन्होंने उपस्थित सदस्यों को बचत के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति के लिए बचत करना अत्यंत आवश्यक है। व्यक्ति की इच्छाएं अनंत होती हैं, इसलिए नियमित बचत की आदत भविष्य में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि “आज की बचत, कल की सुरक्षा है” तथा छोटी-छोटी बचतें भी भविष्य में बड़े कार्यों में सहायक बनती हैं।

कुंदन कुमार ने सोसाइटी द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे विभिन्न उत्पादों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि बाजार में उपलब्ध सोसाइटी के अधिकांश उत्पाद आयुर्वेदिक एवं हर्बल आधारित हैं, जिनके उपयोग से शरीर पर किसी प्रकार के दुष्प्रभाव की संभावना नहीं रहती।
बैठक में पिंटू कुमार, विनोद कुमार गुप्ता, नवल किशोर सिंह, अखिलेश्वर झा, टेका पंडित, सोनी कुमारी, सरिता कुमारी, सविता कुमारी, मोनी कुमारी, सरस्वती देवी, नेहा कुमारी सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सदस्यों को बचत योजनाओं, निवेश और सोसाइटी की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।











