Advertisement

यूपी में जहरीली शराब कांड के आरोपियों के आलिशान घरों पर चला मोतिहारी पुलिस का हथौड़ा 

-यूपी में जहरीली शराब कांड के आरोपियों के आलिशान घरों पर चला मोतिहारी पुलिस का हथौड़ा

-50-50 हजार के इनामी चंदन-सूरज का आलीशान घर हुआ कुर्क

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

पूर्वी चंपारण जिले के तुरकिया रघुनाथपुर जहरीली शराब कांड में 10 बेगुनाहों की मौत के बाद एक्शन में आई मोतिहारी पुलिस ने उत्तर प्रदेश में घुसकर ऐतिहासिक कार्रवाई की है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर स्पेशल टीम ने 50-50 हजार के इनामी मुख्य लाइनर चंदन और सूरज के यूपी स्थित आलीशान आशियाने पर बुलडोजर चला दिया। कोर्ट के आदेश पर कुर्की-जब्ती के बाद मकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

दो माह पूर्व तुरकिया रघुनाथपुर में जहरीली स्पिरिट से 10 लोगों की मौत हुई थी। जांच में यूपी के जौनपुर जिले के नहोरा डेरवा निवासी सगे भाई चंदन और सूरज, पिता ललन सिंह उर्फ शीतला प्रसाद सिंह को मुख्य सप्लायर चिन्हित किया गया। घटना के बाद से दोनों फरार थे। एसपी स्वर्ण प्रभात ने दोनों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित किया था।

यूपी में भारी बल के साथ पहुंची टीम, देखते ही देखते मलबे में बदली बिल्डिंग*

कोर्ट से आदेश मिलते ही मोतिहारी पुलिस की स्पेशल टीम भारी बल और बुलडोजर लेकर यूपी पहुंची। जौनपुर में दोनों इनामी अभियुक्तों के भव्य मकानों की कुर्की की गई और फिर बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। स्थानीय तस्करों ने सोचा भी नहीं था कि बिहार पुलिस यूपी में आकर इतना खौफनाक एक्शन लेगी। कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया।

– पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे : SP

एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा, “चंपारण में मासूमों की जान से खेलने वाले शराब तस्करों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गुनहगार चाहे किसी भी राज्य में छिपा हो, मोतिहारी पुलिस उसे पाताल से भी ढूंढ निकालेगी। अपराध की कमाई से खड़े किए साम्राज्य को मिट्टी में मिला दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों के पास अब सिर्फ दो रास्ते हैं- या तो आत्मसमर्पण करें, या इससे भी कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

– सीमावर्ती इलाकों में दहशत

इस बुलडोजर एक्शन के बाद बिहार-यूपी के सीमावर्ती इलाकों के शराब तस्करों और अंतरराज्यीय सिंडिकेट में दहशत है। आम जनता पुलिस के इस ‘सिंघम अवतार’ की जमकर सराहना कर रही है।