-मुशहरी पुलिस की कार्रवाई, देशी कट्टा के साथ दो युवक गिरफ्तार, तीसरा फरार
-डीएसपी पूर्वी-2 ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी, गिरफ्तार दोनों आरोपितों को भेजा गया जेल
मुजफ्फरपुर। मुशहरी पुलिस को अपराध नियंत्रण के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मणिका मन पुल के पास छापेमारी कर एक देशी कट्टा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान बेदौलिया निवासी चंदन कुमार और रितेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं, गोपी कुमार मौके से फरार होने में सफल रहा।

मामले को लेकर डीएसपी पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह ने मुशहरी थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले में तीनों के विरुद्ध मुशहरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों युवकों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
कार्रवाई के दौरान अवर निरीक्षक कन्हैया लाल पंडित सहित पुलिस टीम शामिल थी। प्रेस वार्ता में मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता भी मौजूद रहे। पुलिस फरार आरोपित गोपी कुमार की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।












