Advertisement

बेगूसराय की आंचल अनुराग ने दूसरे प्रयास में NEET UG में पाई सफलता, SKMCH में हुआ नामांकन

-बेगूसराय की आंचल अनुराग ने दूसरे प्रयास में NEET UG में पाई सफलता, SKMCH में हुआ नामांकन

मुजफ्फरपुर। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर मुश्किल लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है। इसे बेगूसराय जिले के गाछी टोला, वार्ड संख्या 30 निवासी आंचल अनुराग ने साबित कर दिखाया है। आंचल ने अपने दूसरे प्रयास में देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी (NEET UG) में सफलता हासिल की है। राज्य कोटे के तहत उनका नामांकन मुजफ्फरपुर स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।

आंचल के पिता संजय कुमार पेशे से शिक्षक हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी आंचल ने अपनी पढ़ाई के साथ छोटे भाई-बहनों के लिए मिसाल बनने की जिम्मेदारी भी बखूबी निभाई। उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा में 79 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 86 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रही आंचल का सपना डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना था।

नीट के पहले प्रयास में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बावजूद आंचल ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी कमियों को पहचाना और बेहतर तैयारी के लिए पटना चली गईं। वहां एक निजी कोचिंग संस्थान में शिक्षकों के मार्गदर्शन में उन्होंने व्यवस्थित और अनुशासित तरीके से तैयारी शुरू की। निरंतर अध्ययन, सही रणनीति और कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने दूसरे प्रयास में नीट यूजी की परीक्षा में सफलता हासिल कर ली।

आंचल अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देती हैं। उनके अनुसार, मरीजों के प्रति चिकित्सकों का समर्पण और सेवा भाव देखकर उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में जाने की प्रेरणा मिली। अब एसकेएमसीएच में नामांकन के बाद उनका डॉक्टर बनने का सपना साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

आंचल का लक्ष्य मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर एक कुशल चिकित्सक बनना और समाज की सेवा करना है। इसके साथ ही वह अपने छोटे भाई-बहनों को भी आगे बढ़ने और उनके सपनों को पूरा करने में सहयोग देना चाहती हैं। आंचल की सफलता उन छात्राओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखती हैं और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करती हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार गौरवान्वित है और गाछी टोला में खुशी का माहौल है।