Advertisement

मुजफ्फरपुर में बीडीओ की पत्नी की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने पति पर जहर देकर हत्या का लगाया आरोप

-मुजफ्फरपुर में बीडीओ की पत्नी की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने पति पर जहर देकर हत्या का लगाया आरोप

मुजफ्फरपुर। शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में दरभंगा के जाले प्रखंड में पदस्थापित एक बीडीओ की 29 वर्षीय पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने तथा जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
मृतका के परिजनों के अनुसार अमृता की शादी वर्ष 2023 में मनोज कुमार से हुई थी, जो वर्तमान में दरभंगा जिले के जाले प्रखंड में बीडीओ के पद पर कार्यरत हैं। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही अमृता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उनका कहना है कि पिछले दो वर्षों से वह घरेलू हिंसा का शिकार थी।
मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि मनोज कुमार का किसी दूसरी महिला से संबंध था। जब अमृता इसका विरोध करती थी तो उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। मृतका की मां का आरोप है कि इसी वजह से साजिश के तहत अमृता को जहर देकर मार दिया गया। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में बीडीओ मनोज कुमार का पक्ष सामने नहीं आ सका था।


घटना की जानकारी मिलने पर अमृता के परिजन बेला कन्हौली मोड़ स्थित उसके आवास पहुंचे और गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल लेकर गए। परिजनों को उम्मीद थी कि उसकी जान बच जाएगी, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में मातम छा गया।
मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों की ओर से अभी लिखित आवेदन का इंतजार किया जा रहा है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।