-आभूषण मंडी में दर्दनाक हादसा: दूसरे मंजिल से सड़क पर गिरा मजदूर, गंभीर रूप से घायल
मुजफ्फरपुर। नगर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध आभूषण मंडी में गुरुवार को रंगाई-पुताई के दौरान एक मजदूर दूसरे मंजिल से नीचे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। घायल मजदूर की पहचान पारू थाना क्षेत्र के चूचुराहा निवासी अखिलेश कुमार (40 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया गया कि अखिलेश आभूषण मंडी स्थित एक सर्राफ के बहुमंजिला मकान में रंगाई-पुताई का काम कर रहा था। इसी दौरान दूसरे माले की छत पर पेंटिंग करते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नीचे सड़क पर आ गिरा। तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे।

हादसे में अखिलेश के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। वह लहूलुहान होकर अचेत हो गया था। स्थानीय लोगों और साथी मजदूरों की मदद से उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की टीम उसका इलाज कर रही है। डॉक्टरों ने एक्स-रे समेत अन्य जरूरी जांच कराई है।
घटना की सूचना मिलते ही अखिलेश के परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों के अनुसार, अखिलेश दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है और रोज की तरह काम करने मुजफ्फरपुर शहर आया था।
वहीं, हादसे के बाद ऊंचाई पर काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि काम के दौरान मजदूर के पास सेफ्टी बेल्ट और हेलमेट जैसे सुरक्षा उपकरण नहीं थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।












