-मुजफ्फरपुर में नवविवाहिता का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर मांगी ₹10 लाख की रंगदारी
मुजफ्फरपुर। जिले में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। नगर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाने, आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो वायरल करने तथा ₹10 लाख की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने आईटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद एक युवक ने इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती से दोस्ती की और विश्वास में लेकर उसका अकाउंट हैक कर लिया। इसके बाद आरोपी को पीड़िता के निजी डेटा तक पहुंच मिल गई, जिसके आधार पर उसने ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी।

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने फोन कर ₹10 लाख की मांग की। रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। जब परिवार ने रंगदारी देने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने पीड़िता, उसके भाई, भाभी और अन्य रिश्तेदारों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर उन पर पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर दिए।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी उसके पति को लगातार संदेश भेजकर पत्नी को तलाक देने का दबाव बना रहा था। वहीं, कानूनी कार्रवाई की बात करने पर परिवार को गाड़ी से कुचलकर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
नगर थाना पुलिस ने पीड़िता के भाई के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।












