Advertisement

मुजफ्फरपुर में गैंगवार की खूनी वारदात: कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की गोलियों से भूनकर हत्या, पुलिस अलर्ट

-मुजफ्फरपुर में गैंगवार की खूनी वारदात: कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की गोलियों से भूनकर हत्या, पुलिस अलर्ट

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में एक बार फिर गैंगवार की खूनी कहानी सामने आई है। मिठनपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम शंभू-मंटू गिरोह के कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की अपराधियों ने सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। ताबड़तोड़ फायरिंग में गोविंद शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना मिठनपुरा थाना क्षेत्र के छोटी कल्याणी से अमर सिनेमा हॉल जाने वाली सड़क पर स्थित आईकॉन टावर प्लाजा में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर शाम दो नकाबपोश और हथियारबंद अपराधी अपार्टमेंट परिसर में दाखिल हुए और वहां मौजूद गोविंद शर्मा को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई गोलियां लगने से गोविंद शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया जाता है कि गोविंद शर्मा मूल रूप से मनियारी थाना क्षेत्र का रहने वाला था और शंभू-मंटू गिरोह का सक्रिय सदस्य एवं शार्प शूटर माना जाता था। वह शहर के चर्चित पूर्व मेयर और प्रॉपर्टी कारोबारी समीर कुमार हत्याकांड तथा व्यवसायी आशुतोष शाही हत्याकांड में भी आरोपी रहा था। पिछले वर्ष मुसहरी थाना क्षेत्र से पुलिस ने उसे विदेशी पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। हाल ही में वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस गैंगवार, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

गौरतलब है कि मंगलवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता Samrat Choudhary का मुजफ्फरपुर दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम से पहले हुई इस हत्या ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

वारदात के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि यह हत्या गैंगवार का परिणाम हो सकती है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच जारी है।