-मुजफ्फरपुर में करोड़ों की हेरोइन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार, बड़े नेटवर्क की जांच शुरू
मुजफ्फरपुर। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पूर्वी चंपारण निवासी संजीत कुमार और मुजफ्फरपुर जिले के बरूराज थाना क्षेत्र निवासी कौशलेंद्र कुमार के रूप में हुई है। दोनों के पास से कुल 891.5 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसे 75 पैकेट में रखा गया था।
जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस ने इमलीचट्टी बस स्टैंड इलाके में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि दोनों तस्कर वहां नशे की खेप की डिलीवरी देने पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से शराब की तीन बोतल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में यह जानकारी सामने आई है कि हेरोइन की खेप नॉर्थ ईस्ट के रास्ते लाई गई थी और मुजफ्फरपुर में इसकी सप्लाई की तैयारी थी।
फिलहाल पुलिस दोनों गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर रही है। साथ ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस पूरे गिरोह की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।












