Advertisement

मुजफ्फरपुर के लाल बने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश, गांव में बंटे 51 किलो लड्डू, जश्न का माहौल

-मुजफ्फरपुर के लाल बने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश, गांव में बंटे 51 किलो लड्डू, जश्न का माहौल

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के लिए गर्व का क्षण है। जिले के मड़वन प्रखंड अंतर्गत चैनपुर गांव के निवासी श्री चंद्रशेखर देश की सर्वोच्च अदालत के न्यायाधीश बने हैं। सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश नियुक्त होने की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने इस उपलब्धि का भव्य उत्सव मनाया।

श्री चंद्रशेखर इससे पहले रांची, जयपुर और मुंबई हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अब सुप्रीम कोर्ट में उनकी नियुक्ति को लेकर पूरे क्षेत्र में गौरव और उत्साह का माहौल है। हालांकि उनका परिवार वर्तमान में गांव से बाहर रहता है, लेकिन गांव की मिट्टी और लोगों से उनका जुड़ाव आज भी बरकरार है।

मंगलवार को जैसे ही ग्रामीणों को उनके सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बनने की जानकारी मिली, गांव के शुभचिंतक, रिश्तेदार और मित्र एकत्रित हो गए। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाई देकर खुशी का इजहार किया। ग्रामीणों का कहना है कि जस्टिस चंद्रशेखर ने अपनी मेहनत, ईमानदारी और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जिससे पूरे मुजफ्फरपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।

जस्टिस चंद्रशेखर के फुफेरे भाई उमेश सिंह ने बताया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पैतृक आवास पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। साथ ही ग्रामीणों और आगंतुकों के बीच 51 किलो लड्डू वितरित कर खुशी साझा की गई।

पैक्स अध्यक्ष निरंजन सुमन सहित कई गणमान्य लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान और गर्व का विषय बताया। इस अवसर पर युगल किशोर सिंह, विनोद कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह, रमेश सिंह, बागेश्वर तिवारी, धीरज कुमार सिंह, सुमंत सिंह, धीरज सिंह, जितेंद्र सिंह, नवल किशोर सिंह, अनिल साह, पंकज कुमार सिंह तथा बिहार बार एसोसिएशन के सदस्य उमेश प्रसाद सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने बताया कि जस्टिस चंद्रशेखर की प्रारंभिक शिक्षा गांव में हुई, जबकि मैट्रिक तक की पढ़ाई मीनापुर हाईस्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने एल.एस. कॉलेज, मुजफ्फरपुर से स्नातक की डिग्री हासिल की और आगे चलकर दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की। उनकी यह सफलता आज क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

टैग: #Muzaffarpur #JusticeChandrashekhar #SupremeCourt #BiharPride #ChanpurVillage #SuccessStory #MuzaffarpurNews #BiharNews #Inspiration #JudiciaryIndia