-मई में बाइक चोरों पर पुलिस का प्रहार, 88 वाहन बरामद
-76 चोर सलाखों के पीछे, नेपाल कनेक्शन भी उजागर
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
बाइक चोरों की अब खैर नहीं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक मई 2026 में पूर्वी चंपारण पुलिस ने चोर गिरोहों के खिलाफ ऐसा अभियान चलाया कि 30 दिन में 88 वाहन बरामद कर 76 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सभी थानों को हॉटस्पॉट चिन्हित कर टास्क दिया गया था। नतीजा – चोरी की बाइक बेचने वाला नेटवर्क जगह-जगह ध्वस्त हुआ।
– कहां कैसी कार्रवाई हुई
बाइक चोरी मामले और उसके खिलाफ कार्रवाई करने में नगर थाना सबसे आगे रहा। यहां 5 कांड दर्ज कर 6 बाइक बरामद की गईं और 6 चोर पकड़े गए। कांड सं. 461/26 में रितेश कुमार सिंह समेत एक कार भी जब्त हुई। सुगौली थाना ने भी 5 कांडों में 5 वाहन और मोंकित कुमार को दबोचा। घोड़ासहन थाना की टीम ने कांड सं. 209/26 में एक साथ 4 चोरों – अरविंद, रंजन, मोनू और सलमान आलम को रंगे हाथ पकड़ा।

सीमा से सटे इलाकों में नेपाल कनेक्शन खुलकर सामने आया। दरपा थाना ने कांड सं. 114/26 में 2 बाइक के साथ राजेश-राजन पासवान और 2 नेपाली युवकों को गिरफ्तार किया। आदापुर में भी कांड सं. 159/26 में 2 नेपाली नागरिक रंजन साह और आनंद कुमार समेत 4 चोर धराए। नगर थाना ने कांड सं. 1205/25 में नेपाल के मधुबनी निवासी राम विनय सिंह को पकड़ा। कुल 4 नेपाली चोरों की गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
भोपतपुर पुलिस ने कांड सं. 59/26 में कार + बाइक के साथ कुंदन और सौरभ को पकड़ा। हरसिद्धि में तो चोर ई-रिक्शा तक चुराकर ले जा रहे थे। कांड सं. 74/26 में ई-रिक्शा सहित रंजन और बबलू गिरि गिरफ्तार हुए।
पिपराकोठी, कोटवा, केसरिया, रक्सौल, रामगढ़वा समेत 20 से ज्यादा थानों में छापेमारी कर चोरी के कांडों का उद्भेदन किया गया।
– मई का रिपोर्ट कार्ड
मई महीने में वाहन चोरी मामले का रिपोर्ट कार्ड इस प्रकार है:
88 वाहन – जिसमें 1 कार और 1 ई-रिक्शा शामिल, 76 गिरफ्तारियां, नगर-सुगौली हॉटस्पॉट, 4 नेपाली चोर धराए।
वहीं इस संबंध में
एसपी ने कहा कि बाइक चोरी पर जीरो टॉलरेंस है। वाहन खरीदते समय कागज जरूर जांचें, वरना चोरी का माल खरीदने पर आप भी फंस सकते हैं।












