-भागलपुर में खूनी संघर्ष: केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजों के बीच गोलीबारी, एक की मौत, दूसरा घायल
भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र के परबत्ता प्रखंड अंतर्गत जगतपुर गांव में गुरुवार सुबह पारिवारिक विवाद के कारण खूनी संघर्ष का मामला सामने आया। इस घटना में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के भांजे विश्वजीत की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि उनका दूसरा भांजा जयजीत गंभीर रूप से घायल हो गया है। गोलीबारी में नित्यानंद राय की बहन चिना देवी भी घायल हो गईं।
पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप:
मिली जानकारी के अनुसार, पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों विश्वजीत और जयजीत के बीच पहले से ही संपत्ति और पारिवारिक मुद्दों को लेकर तनाव था।
गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे घर के नौकर ने जयजीत को पानी दिया, इस दौरान दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया। गुस्से में आकर विश्वजीत घर के अंदर से पिस्तौल लेकर आया और जयजीत के मुंह पर गोली चला दी। गोली जबड़े में लगने के कारण जयजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस घटना को सुलझाने के लिए जब उनकी मां चिना देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उन्हें भी गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गईं।

इलाज के दौरान हुई मौत:
इस घटना में विश्वजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जयजीत की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद जयजीत को भागलपुर के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी:
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। रेंज आईजी विवेक कुमार ने नवगछिया एसपी को निर्देश दिया है कि स्थिति पर नजर रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
मृतक की पत्नी ने लगाया जमीन विवाद का आरोप:
मृतक की पत्नी मनीषा ने बताया कि यह विवाद वर्षों से जमीन को लेकर चला आ रहा था, जो अब खूनी संघर्ष में बदल गया। उन्होंने कहा, “रात में भी इसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। अब मेरे दो बच्चे हैं, मैं उनका पालन-पोषण कैसे करूँगी?”
इस गोलीकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है।
#BhagalpurFiring #NityanandRai #FamilyDispute #CrimeInBihar #NaugachiaIncident












