-भाईचारे के रंग में रंगा मुजफ्फरपुर: महिला मोर्चा ने हर वर्ग को बांधी राखी, दिया एकता का संदेश
मुजफ्फरपुर।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा, मुजफ्फरपुर ने भाईचारे और सामाजिक एकता का अनूठा संदेश दिया। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. मोनालिसा राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न हिस्सों में जाकर फल विक्रेताओं, नगर निगम कर्मियों, पुलिस अधिकारियों, पत्रकारों और आम नागरिकों की कलाई पर राखी बांधकर सामाजिक सद्भाव का आह्वान किया।
इस विशेष अभियान में इप्सा पाठक, प्रज्ञा कुमारी, उमा कुमारी, अनिला शाही और अंजली कुमारी जैसी युवा नेत्रियां भी सक्रिय रहीं। डॉ. राय ने कहा कि यह पहल केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में विश्वास, सम्मान और सुरक्षा का वचन देने का अवसर है।
रक्षाबंधन के मौके पर शहर के एसएसपी और टाउन डीएसपी ने महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया और इसके लिए विशेष कार्य योजना बनाने का भरोसा दिया। बरूराज विधानसभा के विधायक अरुण कुमार सिंह ने बहनों से राखी बंधवाकर उनके सुख-समृद्धि की कामना की और हर परिस्थिति में सहयोग का आश्वासन दिया।

इस आयोजन का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब वार्ड 40 के पार्षद मोहम्मद इकबाल की कलाई पर राखी बांधी गई। यह दृश्य हिंदू-मुस्लिम एकता का जीवंत उदाहरण बन गया। मोहम्मद इकबाल ने कहा, “नफरत फैलाने वालों के लिए इस समाज में कोई जगह नहीं है, हम सभी एक हैं और हमेशा एक रहेंगे।”
बीजेपी जिला कार्यकारिणी सदस्य अमित कुमार ने भी इस पहल का समर्थन करते हुए बहनों की सुरक्षा और सम्मान की गारंटी देने का वादा किया।
महिला मोर्चा की इस पहल ने रक्षाबंधन को सिर्फ एक पारंपरिक त्योहार से आगे बढ़ाकर, सामाजिक सौहार्द, एकता और भाईचारे का सशक्त प्रतीक बना दिया, जिसमें हर तबके के लोग एक साथ जुड़े।











