Advertisement

बूढ़ी गंडक में मां-बेटे का शव मिलने से सनसनी, कपड़े की रस्सी से बंधे मिले दोनों

-बूढ़ी गंडक में मां-बेटे का शव मिलने से सनसनी, कपड़े की रस्सी से बंधे मिले दोनों

-स्कूटी मिली थी लावारिस

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के चंदवारा घाट के समीप बूढ़ी गंडक नदी से मां और बेटे का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव आपस में कपड़े की रस्सी से बंधे हुए मिले। मृतकों की पहचान सीतामढ़ी जिले के मूल निवासी 35 वर्षीय पिंकी देवी और उनके 17 वर्षीय बेटे आदर्श रौशन के रूप में हुई है। आदर्श मुजफ्फरपुर में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था और अपनी मां के साथ किराये के मकान में रहता था।
बताया गया कि रविवार शाम मां-बेटे स्कूटी से घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान चंदवारा घाट के पास बूढ़ी गंडक नदी के बांध पर उनकी स्कूटी लावारिस हालत में मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नदी और आसपास के इलाके में देर रात तक खोजबीन की। बाद में एसडीआरएफ की टीम की मदद से नदी में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें मां-बेटे के शव बरामद किए गए।


पुलिस के अनुसार, दोनों के शव कपड़े की रस्सी से आपस में बंधे हुए थे। हालांकि, स्थानीय लोगों ने दोनों को नदी में छलांग लगाते हुए नहीं देखा था। ऐसे में घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य वजह समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस महिला के मकान मालिक और परिजनों से पूछताछ कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिंकी देवी पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रही थीं, हालांकि उनकी परेशानी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस महिला और उसके बेटे के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और घटनास्थल से मिले अन्य सुरागों की जांच कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।