-बीएएमएस की परीक्षा पर सालभर बाद भी निर्णय नहीं, बिहार विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन
-परीक्षा नियंत्रक ने दिया शीघ्र निर्णय का आश्वासन
-बिहार छात्र संघ ने आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में बीएएमएस सत्र 2021-25 के फाइनल ईयर की परीक्षा को लेकर सालभर बाद भी निर्णय नहीं होने से छात्रों का आक्रोश बढ़ गया है। परीक्षा में देरी के विरोध में बुधवार को बिहार छात्र संघ के बैनर तले छात्रों ने विश्वविद्यालय मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जल्द परीक्षा आयोजित कराने की मांग की। इस दौरान परीक्षा नियंत्रक ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया और परीक्षा के संबंध में शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन के दौरान वार्ता के लिए विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रो. विपिन कुमार राय और परीक्षा नियंत्रक डॉ. गिरिजेश नंदन कुमार पहुंचे। बिहार छात्र संघ के अध्यक्ष गौतम सिंह ने कहा कि संबंधित सेक्शन प्रॉक्टर और परीक्षा नियंत्रक के अधीन आता है। ऐसे में अधिकारियों को जल्द परीक्षा आयोजित कराने के लिए आवश्यक निर्देश देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो छात्र आगे बड़ा आंदोलन करेंगे।

बिहार छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष करण सिंह ने आरोप लगाया कि परीक्षा की मांग को लेकर विश्वविद्यालय जाने वाले छात्रों को कॉलेज प्रबंधन की ओर से धमकाया जाता है। उन्होंने कहा कि छात्रों को कथित तौर पर यह चेतावनी दी जाती है कि विश्वविद्यालय मुख्यालय जाने पर उनके अंक काट लिए जाएंगे और उन्हें परीक्षा में फेल कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के कुछ कर्मचारी छात्रों के प्रदर्शन का वीडियो कॉलेज को भेजकर उन पर दबाव बनवाते हैं।
इस मामले में विश्वविद्यालय से संबद्ध एक आयुर्वेद कॉलेज की ओर से जारी नोटिस भी चर्चा में है। बताया गया कि कॉलेज प्राचार्य ने छात्रों को बिना अनुमति विश्वविद्यालय मुख्यालय जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। पिछले दिनों यह नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बीएएमएस के छात्र परीक्षा आयोजित कराने की मांग को लेकर पहले भी कई बार विश्वविद्यालय मुख्यालय पर प्रदर्शन कर चुके हैं।
छात्रों का कहना है कि परीक्षा में लगातार हो रही देरी से उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन को जल्द परीक्षा की तिथि घोषित कर छात्रों की समस्या का समाधान करना चाहिए।
प्रदर्शन में उत्तर बिहार उपाध्यक्ष निहाल कुमार, उत्तर बिहार प्रभारी आदित्य झा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निखिल सिंह, जिलाध्यक्ष राजा बाबू, कुढ़नी प्रखंड अध्यक्ष राजा कुमार सहित अभिषेक, छोटेलाल, सूर्यांश, शुभम, संध्या, शिवानी, अंशु, शबनम, वर्षा, अमनदीप, किशन, सुधांशु, आफताब, नवीन, वाशि और आनंद समेत कई छात्र मौजूद थे।












