-सोनपुर मंडल में नई श्रम संहिताओं को लेकर कार्यशाला आयोजित,
-ठेकेदारों को दी गई अनुपालन की जानकारी
-श्रम कानूनों के प्रावधानों, वेतन, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल पर सुरक्षा को लेकर किया गया जागरूक
सोनपुर, 30 अक्टूबर। पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल में शुक्रवार को नई श्रम संहिताओं (New Labour Codes) के प्रभावी क्रियान्वयन और उनके प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सामुदायिक भवन में कार्यशाला-सह-जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी दिलीप पासवान ने की। इसमें अपर मंडल रेल प्रबंधक सुमन कुमार तांती भी मौजूद रहे।
उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय), पटना के कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रिंसिपल एम्प्लॉयर्स, ठेकेदारों और उप-ठेकेदारों को नई श्रम संहिताओं के विभिन्न प्रावधानों एवं उनके अनुपालन से संबंधित दायित्वों की जानकारी दी गई।

कार्यशाला में संसद द्वारा अधिनियमित नई श्रम संहिताओं के प्रभावी और एकरूप क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान पंजीकरण, लाइसेंसिंग, वैधानिक अनुपालन, अभिलेखों का संधारण, कानूनी दायित्व, वेतन संबंधी प्रावधान, सामाजिक सुरक्षा, व्यावसायिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य तथा कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभिन्न ठेकेदारों और उप-ठेकेदारों ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी संबंधित पक्षों से श्रम कानूनों के निर्धारित प्रावधानों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों के हितों की रक्षा, कार्यस्थल पर सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने और श्रम कानूनों के अनुरूप पारदर्शी कार्यप्रणाली को बढ़ावा देना रहा।












