Advertisement

एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया होंगे वायुसेना के नए वाइस चीफ, 1 नवंबर से संभालेंगे जिम्मेदारी

-एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया होंगे वायुसेना के नए वाइस चीफ, 1 नवंबर से संभालेंगे जिम्मेदारी

नई दिल्ली।भारतीय वायुसेना में शीर्ष स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहा है। एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया को वायुसेना का नया वाइस चीफ नियुक्त किया गया है। वह 1 नवंबर 2026 से अपना पदभार संभालेंगे। फिलहाल वह ईस्टर्न एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर कार्यरत हैं। वह एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित का स्थान लेंगे।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के पूर्व छात्र एयर मार्शल वालिया को 11 जून 1988 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। करीब 38 वर्षों के सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्हें मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और सुखोई-30 एमकेआई जैसे प्रमुख लड़ाकू विमानों को उड़ाने का अनुभव है।


अपने सेवाकाल के दौरान वह एक फाइटर स्क्वाड्रन, टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (TACDE) और बरेली एयरफोर्स स्टेशन की कमान भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह जापान और दक्षिण कोरिया में भारत के डिफेंस अटैशे के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वायुसेना में उनके योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2008 में वायु सेना मेडल और 2018 में अति विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। नए वाइस चीफ के रूप में उनकी नियुक्ति को भारतीय वायुसेना के शीर्ष नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।