Advertisement

पूसा में बारिश से गिरा अधिकतम तापमान, सामान्य से 7.1 डिग्री नीचे पहुंचा पारा

-पूसा में बारिश से गिरा अधिकतम तापमान, सामान्य से 7.1 डिग्री नीचे पहुंचा पारा

-24 घंटे में 6.2 मिमी बारिश, अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री और न्यूनतम 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज

समस्तीपुर। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा स्थित जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र की ओर से गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले 24 घंटे में 6.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश और बदली परिस्थितियों के बीच अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई है।

मौसम रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.1 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर कम रहने से दिन और रात के तापमान में विशेष अंतर नहीं देखा गया।

मौसम संबंधी आंकड़ों के मुताबिक, सुबह सात बजे सापेक्ष आर्द्रता 95 प्रतिशत और दोपहर दो बजे 93 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की गति दो किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवा पुरवा दिशा से चली। वाष्पोत्सर्जन की दर एक मिलीमीटर दर्ज की गई।

मौसम में आए इस बदलाव और बारिश का असर रबी फसलों की बुआई की तैयारी में जुटे किसानों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में किसानों को खेतों में नमी की स्थिति का आकलन करने के बाद कृषि कार्य करने की सलाह दी जाती है।