-गायघाट में एनएच-27 पर भीषण हादसा, कंटेनर की टक्कर से ट्रक चालक की कुचलकर मौत
दीपक कुमार/गायघाट (मुजफ्फरपुर)। गायघाट थाना क्षेत्र के एनएच-27 स्थित बबुरबन्नी चौक के समीप बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे में 19 वर्षीय ट्रक चालक रंजन कुमार की मौत हो गई। सड़क पर खराब ट्रक की जांच कर रहे चालक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक अपने ही ट्रक के पहिये की चपेट में आ गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान जहानाबाद जिले के डिहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कजियामापुर गांव निवासी चन्देश्वर यादव के पुत्र रंजन कुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक चालक था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात रंजन कुमार एनएच-27 से गुजर रहा था। इसी दौरान उसका ट्रक बीच सड़क पर खराब हो गया। वह वाहन से उतरकर तकनीकी खराबी की जांच करने लगा। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण रंजन अपने ही ट्रक के पहिये के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर भेज दिया। दुर्घटना में शामिल वाहनों को जब्त कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। महज 19 वर्ष की उम्र में रंजन की मौत से उसके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।












