-तिरहुत डीआईजी ने एसडीपीओ नगर-1 कार्यालय का किया निरीक्षण, लंबित कांडों की समीक्षा
मुजफ्फरपुर। तिरहुत क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) चंदन कुशवाहा ने एसडीपीओ नगर-1 कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण और पुलिस व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की।
उन्होंने लंबित कांडों की स्थिति, अनुसंधान की प्रगति, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आम लोगों की शिकायतों के निष्पादन की स्थिति की भी जानकारी ली।

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाना, अपराध नियंत्रण को प्रभावी करना तथा पुलिसिंग में सुधार लाना था। इस दौरान पुलिस अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार, लंबित मामलों के निष्पादन और आम लोगों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के दृष्टिकोण से समीक्षा की गई।
मौके पर मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतिश कुमार मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक मोहिबुल्लाह अंसारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। मुजफ्फरपुर पुलिस ने इस अवसर पर अपना संदेश दोहराया—आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।












