Advertisement

सामाजिक कार्यों के लिए मुजफ्फरपुर की बेटी डॉ. अनुपमा सम्मानित

-सामाजिक कार्यों के लिए मुजफ्फरपुर की बेटी डॉ. अनुपमा सम्मानित

-मानवाधिकार जागरूकता कार्यक्रम में मिला सम्मान
-सामाजिक न्याय और समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर

मुजफ्फरपुर। सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए मुजफ्फरपुर की डॉ. अनुपमा को उत्तर प्रदेश में आयोजित मानवाधिकार जागरूकता एवं एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष न्यायमूर्ति डॉ. विद्युत रंजन षाड़ंगी और भारतीय मानवाधिकार परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश कुमार अवस्थी ने उन्हें गुलदस्ता और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस उपलब्धि से डॉ. अनुपमा ने जिले का मान बढ़ाया है।

कार्यक्रम का आयोजन भारतीय मानवाधिकार परिवार, उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें मानवाधिकारों के संरक्षण, सामाजिक न्याय, समानता और आम लोगों के बीच अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसी दौरान सामाजिक कार्यों में डॉ. अनुपमा के योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति डॉ. विद्युत रंजन षाड़ंगी ने मानवाधिकारों की रक्षा और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों तक मानवाधिकारों की जानकारी पहुंचाना जरूरी है। वहीं, विशिष्ट अतिथि गिरीश कुमार अवस्थी समेत अन्य वक्ताओं ने सामाजिक समानता और न्याय के लिए जन-जागरूकता को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में एसएमएस के निदेशक डॉ. धर्मेंद्र सिंह, एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह और समाजसेवी अजय त्रिपाठी (मुन्ना) समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरतमंदों व पीड़ितों की सहायता के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।