Advertisement

बिहार की प्रतिभा का जलवा: अमर ज्योति झा को बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट एक्टर अवॉर्ड

-बिहार की प्रतिभा का जलवा: अमर ज्योति झा को बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट एक्टर अवॉर्ड

नई दिल्ली/पटना।नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित दादा साहेब फाल्के फिल्म फेस्टिवल में बिहार के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फिल्म निर्माता-निर्देशक एवं अभिनेता अमर ज्योति झा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी फिल्म रीबर्थ (पुनर्जन्म) के लिए उन्हें बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड प्रदान किया गया।
फिल्म रीबर्थ (पुनर्जन्म) ने इस फेस्टिवल में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई श्रेणियों में पहचान बनाई। बेस्ट सिनेमैटोग्राफी के लिए रंजीत के सिंह को सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न सिर्फ फिल्म की उत्कृष्ट गुणवत्ता को दर्शाती है, बल्कि बिहार की रचनात्मक प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से स्थापित करती है।


फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी पहचान मिल रही है। रीबर्थ (पुनर्जन्म) का चयन ऑस्कर क्वालीफाइंग फिल्म फेस्टिवल, अमेरिका में स्क्रीनिंग के लिए हुआ है और यह अवॉर्ड के लिए नामांकित भी हो चुकी है। अब तक इस फिल्म को देश-विदेश में 50 से अधिक पुरस्कार मिल चुके हैं।
फिल्म के मुख्य सहायक निर्देशक विकास बच्चन और प्रोडक्शन मैनेजर संजय साह हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म से जुड़े सभी कलाकार और टेक्नीशियन बिहार से ही ताल्लुक रखते हैं। फिल्म की शूटिंग बिहार के विभिन्न स्थानों के साथ-साथ मणिकर्णिका घाट, वाराणसी में भी की गई है।
इससे पहले बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड द्वारा भी अमर ज्योति झा को प्रमुख वक्ता के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने बिहार में फिल्म निर्माण के लिए बन रहे अनुकूल माहौल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में सिनेमा के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।
आपको बता दें कि इस प्रतिष्ठित फेस्टिवल का सफल आयोजन अमोल भगत के द्वारा किया गया, जिसमें देशभर से कलाकार, फिल्म समीक्षक और टेक्नीशियन शामिल हुए। इस मंच पर सिनेमा के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने पर विशेष जोर दिया गया।
अमर ज्योति झा की यह उपलब्धि बिहार की प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।