-गायघाट में इफको बाजार खाद भंडार पर लंबी कतार, किसान परेशान
-खाद वितरण केंद्र पर महिला-पुरुष के लिए अलग काउंटर बनाने की मांग
दीपक कुमार। गायघाट/मुजफ्फरपुर। गायघाट स्थित इफको बाजार खाद भंडार पर खाद लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लंबी कतार और भीड़ के कारण किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की समस्या को देखते हुए खाद वितरण केंद्र पर व्यवस्था में सुधार की मांग की गई है।
इस संबंध में प्रखंड कांग्रेस कमेटी, गायघाट के अध्यक्ष ललित कुमार यादव ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर महिला और पुरुष किसानों के लिए अलग-अलग काउंटर एवं कतार की व्यवस्था कराने की मांग की है।

आवेदन में कहा गया है कि खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान केंद्र पर पहुंच रहे हैं। इससे वहां लंबी कतार और भीड़ की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में खासकर महिला और बुजुर्ग किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों को लंबे समय तक कतार में खड़ा रहना पड़ता है।
ललित कुमार यादव ने कहा कि महिला एवं पुरुष किसानों के लिए अलग-अलग काउंटर और कतार की व्यवस्था होने से खाद वितरण प्रक्रिया व्यवस्थित हो सकेगी। इससे किसानों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी और खाद का वितरण भी सुचारु रूप से किया जा सकेगा। उन्होंने कृषि विभाग से किसानों की समस्या को देखते हुए जल्द आवश्यक व्यवस्था कराने की मांग की है।











