-वैशाली की महिला बॉल बैडमिंटन टीम 11वीं बार बनी बिहार चैंपियन
-33वीं बिहार राज्य सीनियर महिला बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप संपन्न
-फाइनल में बेगूसराय को हराया
पटना/मोतिहारी। बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में एवं पूर्वी चंपारण जिला बॉल बैडमिंटन संघ की मेजबानी में गांधी मैदान, मोतिहारी में आयोजित 33वीं बिहार राज्य सीनियर बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप के महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला वैशाली ने जीत लिया। वैशाली की टीम ने बेगूसराय को सीधे दो सेटों में 35-27, 35-25 से पराजित कर लगातार 11वीं बार राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर वैशाली ने पहले सर्विस करने का फैसला किया। वैशाली की ओर से कप्तान एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रिया सिंह, साक्षी कुमारी, निधी कुमारी, राष्ट्रीय खिलाड़ी वंदना कुमारी और प्रियंका कुमारी ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं बेगूसराय की ओर से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी युक्ता रानी तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी पूनम कुमारी और कशिश कुमारी ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप में तीसरा स्थान संयुक्त रूप से मेजबान पूर्वी चंपारण और एकलव्य स्पोर्ट्स एकेडमी, पटना को मिला। इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में वैशाली ने पूर्वी चंपारण को 35-21, 35-18 से हराया। दूसरे रोमांचक सेमीफाइनल में बेगूसराय ने एकलव्य स्पोर्ट्स एकेडमी पटना को 35-27, 29-35, 35-31 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी।

फाइनल के बाद विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि पूर्व विधायक ई. शशिभूषण सिंह, मुख्य प्रायोजक रूट प्योर के सीनियर एडवाइजर सोहन कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि डॉ. ताहिरा तबस्सुम और बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम में भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम की ओर से श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल, थाईलैंड और पटना में आयोजित साउथ एशियन अंतरराष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। दीपक प्रकाश रंजन, विनोद कुमार धोनी, सूरज कुमार, संगीता कुमारी, प्रिया सिंह, युक्ता रानी, प्रज्ञा भारती, साक्षी कुमारी, आरती कुमारी और निधी कुमारी को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य प्रायोजक रूट प्योर के सीनियर एडवाइजर सोहन कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बिहार टीम के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने पर रूट प्योर की ओर से खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं सेवन इवन कंसल्टेंसी प्रा. लि. के निदेशक रिसब प्रियदर्शी ने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में आयोजन समिति के सदस्य अमरेंद्र सिंह, संरक्षक गौतम राणा, विनोद जायसवाल, आयोजन सचिव डॉ. अमित कुमार, अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक मोहन राव कोडी, मुजफ्फरपुर के अध्यक्ष के.के. सिन्हा, सचिव राजीव सिन्हा, वैशाली जिला सचिव रवि रंजन कुमार और मुख्य निर्णायक सतीश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत मुन्ना गिरी एवं रमेश कुमार भोलाजी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव दीपक सिंह कश्यप और अरुण सिंह ने किया।











