-बागमती के तेज बहाव में बहा चचरी पुल, हजारों ग्रामीणों का प्रखंड मुख्यालय से टूटा संपर्क
मुजफ्फरपुर/औराई। बागमती नदी में आए उफान ने औराई प्रखंड के हजारों ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार सुबह संहारिया पंचायत के मधुबन प्रताप घाट के समीप बना चचरी पुल तेज बहाव में बह गया, जिससे दक्षिणी क्षेत्र की कई पंचायतों का औराई प्रखंड मुख्यालय से सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से बागमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। मंगलवार को नदी के तेज बहाव के कारण चचरी पुल अचानक बह गया। पुल टूटने के बाद लोगों को आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल बह जाने से स्कूली बच्चों की पढ़ाई, मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने और मजदूरी करने वाले लोगों की आवाजाही पर गंभीर असर पड़ा है। हजारों लोगों को अब लंबा रास्ता तय करने या नाव के जरिए नदी पार करने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बाढ़ के दौरान यही स्थिति उत्पन्न होती है। बाढ़ के पानी में चचरी पुल बह जाता है, लेकिन अब तक इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द अस्थायी पुल निर्माण और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
इधर, बागमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से आसपास के निचले इलाकों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई और वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था पर टिकी हुई हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।















