-बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए बेल्ट्रान ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 15 करोड़ रुपये
-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा गया चेक
-आपदा की घड़ी में जरूरतमंदों की सहायता में खर्च होगी राशि
पटना, 29 सितंबर 2026। बिहार में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए बिहार स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बेल्ट्रान) ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 15 करोड़ रुपये का सहयोग दिया है। मंगलवार को लोक सेवक आवास में बेल्ट्रान की ओर से 15 करोड़ रुपये का चेक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपा गया।
मुख्यमंत्री ने इस सहयोग के लिए बेल्ट्रान के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि आपदा और कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए यह राशि महत्वपूर्ण साबित होगी। बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से इस राशि का उपयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह तथा बेल्ट्रान के प्रबंध निदेशक कौशल किशोर मौजूद रहे।
बाढ़ की स्थिति के बीच विभिन्न संस्थाओं और संगठनों की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए जा रहे सहयोग से प्रभावित परिवारों तक राहत एवं सहायता पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।












