-13 साल से फरार डकैती कांड का आरोपित गिरफ्तार, एसटीएफ ने दबोचा
मुजफ्फरपुर। सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में एसटीएफ की विशेष टीम ने 13 वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर व वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के कोल्हुआ निवासी राजकिशोर उर्फ टहलू पासवान के रूप में हुई है। उसके कब्जे से पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
एसटीएफ मुख्यालय के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजकिशोर इलाके में किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर विशेष टीम ने 6 अक्टूबर को पुरानी मोतिहारी रोड के पास घेराबंदी कर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, राजकिशोर सिवाईपट्टी थाना कांड संख्या 98/13, दिनांक 1 सितंबर 2013 में लंबे समय से फरार था। उसके खिलाफ डकैती, चोरी के सामान को छिपाने और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज है। घटना के बाद से वह लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस उसकी आपराधिक कुंडली खंगालने में जुटी है। बरामद मोबाइल की कॉल डिटेल की भी जांच की जा रही है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों और फरारी के दौरान उसकी गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
















