Advertisement

लगुराव बिलंदपुर पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित, 29 आवेदन प्राप्त; 27 का मौके पर निष्पादन

-लगुराव बिलंदपुर पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित, 29 आवेदन प्राप्त; 27 का मौके पर निष्पादन

राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र की लगुराव बिलंदपुर पंचायत के पंचायत भवन परिसर में प्रत्येक माह आयोजित होने वाले सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया दिव्या राज ने की। इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई की गई।
शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, खाद्य आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पशुपालन एवं सांख्यिकी सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण पहुंचे तथा अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 27 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि दो आवेदन लंबित रहे। लंबित आवेदनों को संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के पास भेजा गया है। इनका 30 दिनों के भीतर समाधान कर अगले शिविर में आवेदकों को जानकारी देने का निर्देश दिया गया।


शिविर में सबसे अधिक भीड़ स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर देखी गई। यहां एएनएम ने ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों के संबंध में परामर्श दिया और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। महिलाओं को कमजोरी की शिकायत पर कैल्शियम, विटामिन बी कॉम्प्लेक्स और आयरन की गोलियां दी गईं। वहीं, पशुपालन विभाग की ओर से पशुओं को कृमिनाशक, भूख बढ़ाने और अन्य बीमारियों से संबंधित दवाओं का वितरण किया गया। खाद्य आपूर्ति विभाग के स्टॉल पर राशन से वंचित महिलाओं ने नया राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन जमा किया।
मौके पर नोडल पदाधिकारी सह कार्यपालक दंडाधिकारी महुआ सम्राटजीत, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद मौर्य, पीओ मोहम्मद जावेद कमल, सराय थाना के एसआई ओम प्रकाश, मुखिया प्रतिनिधि पंकज कुमार यादव, टीभीओ गणेश शंकर विद्यार्थी, बीडब्ल्यूओ प्रज्ञा प्रकाश, आईसीडीएस से मीना कुमारी, कृषि सलाहकार मुकेश प्रसाद सिंह सहित पंचायत एवं प्रखंड के कर्मी शत्रुघ्न कुमार, रवि कुमार, विकास कुमार, राहुल कुमार और अरुण कुमार उपस्थित रहे।