Advertisement

प्रभु साह ने मौलापुर में बुनियादी स्वास्थ्य सेवा केंद्र के नए भवन का किया उद्घाटन

-प्रभु साह ने मौलापुर में बुनियादी स्वास्थ्य सेवा केंद्र के नए भवन का किया उद्घाटन

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।

मौलापुर नगर पालिका के वार्ड संख्या 7 में निर्मित सुसज्जित बुनियादी स्वास्थ्य सेवा केंद्र का उद्घाटन आजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं स्थानीय सांसद प्रभु साह ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए आम जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं रौतहट-3 के पूर्व सांसद तथा पूर्व मंत्री प्रभु साह ने मौलापुर नगर पालिका द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन एवं अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे अनुकरणीय कार्यों की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा, “मौलापुर नगर पालिका शासन चलाने का नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने का उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। अन्य नगर पालिकाओं को भी यहां की तरह नगर पुलिस, नगर शिक्षक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति कर सेवाएं बेहतर बनानी चाहिए।”

साह ने कहा कि मौलापुर नगर पालिका अपनी शून्य कर नीति, मुफ्त बिजली, मुफ्त पेयजल और छात्रों को दी जा रही अनेक सुविधाओं के कारण न केवल मधेश में, बल्कि पूरे नेपाल में एक मॉडल नगर पालिका के रूप में स्थापित हो चुकी है।
उन्होंने मेयर रीना साह एवं सभी जनप्रतिनिधियों को “लोगों का दिल जीतने वाली सेवाएं प्रदान करने” के लिए धन्यवाद दिया और आशा जताई कि आने वाले दिनों में भी यह नगर पालिका जनता की जरूरतों और आकांक्षाओं के अनुरूप प्रगति करती रहेगी।

इस दौरान मौलापुर नगर पालिका के प्रशासकीय अधिकारी राम बाबू साह ने जानकारी दी कि 2 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से एक अत्याधुनिक प्रसव केंद्र का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें जच्चा-बच्चा के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

नई स्वास्थ्य चौकी के उद्घाटन से क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद और मजबूत हुई है।