-पिस्टल लहराने का वीडियो किया था वायरल,पुलिस ने किया गिरफ्तार
तुरकौलिया। सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराने का वीडियो वायरल करने वाला युवक को पुलिस ने धर-दबोचा है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर थाना क्षेत्र के टिकैता गोविंदापुर पंचायत के गोविंदापुर गांव के रमाकांत राय के पुत्र चंदन कुमार यादव की गिरफ़्तारी हुई है। जिससे फेसबुक, यूट्यूब, ट्यूटर और अन्य सोशल मीडिया साइट पर अश्लील फोटो-वीडियो या हथियार वायरल करने वाले युवकों के बीच हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि चंदन एक-दो सप्ताह पहले अपने फेसबुक एकाउंट से पिस्टल हाथ में रखे वीडियो व फोटो वायरल किया था।

लेकिन इधर जैसे ही इसकी भनक पुलिस को लगी तो उसे 48 घंटे के भीतर चिंहित कर गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चंदन अश्लील भोजपुरी गाना लिखकर विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी करने का काम करता है। लेकिन पुलिस की गिरफत में हथियार का फोटो वायरल करने पर आया है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवक से पुछताछ की जा रही है। जांचोपरांत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा।












