-पाटलिपुत्र – गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन को पीएम नरेन्द्र मोदी ने दिखाई हरी झंडी
– एक सौ स्कूली बच्चों को सांसद ने ट्रेन में चढ़ा कर किया रवाना
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
आज विकसित बिहार-विकसित भारत कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सिवान आगमन के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पाटलिपुत्र – गोरखपुर वन्दे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर शुभारंभ किया।
उक्त ट्रेन को मोतिहारी में सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
उक्त अवसर पर बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सभा को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारतीय रेल केवल एक परिवहन माध्यम नहीं बल्कि राष्ट्र की जीवनरेखा है जो लोगों, शहरों और आकांक्षाओं को जोड़ती है। 2014 से गतिशील नेतृत्व और दूरदर्शी नीतियों के तहत भारतीय रेल ने एक ऐतिहासिक परिवर्तन का अनुभव किया है। ऐसा परिवर्तन जो आधुनिकीकरण, सुरक्षा, स्थिरता और सेवा उत्कृष्टता को एक साथ जोड़ता है।
श्री सिंह ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस भारत की पहली स्वदेशी अर्ध-तेज गति वाली ट्रेन की शुरुआत से लेकर उन्नत सिग्नलिंग और ट्रेन नियंत्रण प्रणालियों को अपनाने तक, भारतीय रेल ने अत्याधुनिक तकनीक को अपनाया है। वंदे भारत ट्रेनों से तेज और आरामदायक सफर संभव हुआ है, जो भारतीय यात्रियों की विश्वस्तरीय रेल यात्रा की अपेक्षाओं को पूरा करता है। 400 वंदे भारत ट्रेनों का निर्माण किया जा रहा है। 200 ट्रेन सेवाएं, 100 अमृत भारत ट्रेन, 50 नमो भारत रैपिडरेल यात्रियों की सेवा कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय रेल की प्रगति का एक प्रमुख पहलू हाल के वर्षों में पूंजी निवेश का व्यापक स्तर रहा है। 2014 के बाद से हर बजट में रेलवे के आधुनिकीकरण, सुरक्षा सुधार और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए रिकॉर्ड-उच्च धनराशि आवंटित की गई है। हाल के बजटों में रेलवे के लिए पूंजीगत व्यय 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है, जिसका उद्देश्य नए कॉरिडोर विकसित करना, रोलिंग स्टॉक का उन्नयन, सुरक्षा प्रणालियों को बेहतर बनाना और लंबित परियोजनाओं को पूरा करना है। यह निरंतर वित्तीय प्रतिबद्धता सरकार की उस दूरदर्शिता को दर्शाती है, जो भारतीय रेल को भविष्य के अनुकूल, सक्षम और वैश्विक स्तर का परिवहन तंत्र बनाना चाहती है। 2014 की तुलना में रेल बजट नौ गुना ज्यादा है।

श्री सिंह ने कहा कि 2004-14 में यूपीए सरकार ने बिहार को सिर्फ औसतन 1,132 करोड़ दिए थे, जबकि भाजपा सरकार ने 10,066 करोड़ आवंटित किए हैं, जो पिछले शासन की तुलना में 9 गुना अधिक।
2014 से पहले के पांच वर्षों में बिहार में केवल लगभग 325 किलोमीटर नई रेल लाइनों का निर्माण हुआ था। जबकि वर्ष 2024 तक यह आंकड़ा बढ़कर 1,728 किलोमीटर हो गया है, जो कि चार गुना वृद्धि को दर्शाता है।
2014 में भाजपा के सत्ता में आने के बाद, इसी अवधि में बिहार में ब्रॉड गेज नेटवर्क का 100% विद्युतीकरण भी पूर्ण किया गया है
उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा सरकार द्वारा बिहार में ₹86,458 करोड़ की लागत से 58 से अधिक नई रेल परियोजनाएँ चलाई जा रही हैं। भाजपा शासन में कुल 57 अवसंरचना और रेल सेवा परियोजनाएँ बिहार में तेज़ी से प्रगति पर हैं। 98 रेलवे स्टेशनों को अमृत स्टेशनों के रूप में विकसित करने का कार्य भाजपा सरकार ने शुरू किया, जिनमें से 85 स्टेशनों पर कार्य जारी है।
श्री सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने रेल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 1,783 किमी रेल मार्गों पर कवच एंटी-कोलिजन डिवाइस लगाने का काम शुरू किया और 924 किमी के लिए निविदा प्रक्रिया चालू है।
आज 12 वंदे भारत ट्रेनें भाजपा शासन में बिहार में चल रही हैं, जो 15 जिलों को जोड़ती हैं और 22 विशिष्ट स्टॉपेज देती हैं।
उन्होंने कहा कि 98 अमृत भारत स्टेशनों में गया, मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, सीतामढ़ी और दरभंगा शामिल हैं इनका पुनर्विकास भाजपा सरकार द्वारा ₹1,555 करोड़ की लागत से कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में दो अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन भी किया, जो कि भाजपा सरकार की विकासपरक सोच का एक और उदाहरण है।
62 किलोमीटर लंबी बापूधाम मोतिहारी से पिपराहाँ रेलखंड के दोहरीकरण तथा नरकटिया गंज-गौनाहा खंड के गेज परिवर्तन कार्य को क्रियान्वित किया गया है। साथ ही, 96 किलोमीटर लंबी गोरखपुर कैंट – वाल्मीकि नगर रेललाइन के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण हेतु शिलान्यास किया गया है।
वहीं सांसद राधामोहन सिंह ने बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन से एक सौ बच्चों को वंदे भारत ट्रैन में यात्रा अनुभव के लिए टिकट के साथ यात्रा के लिए रवाना किया। जिन्होंने बापूधाम मोतिहारी से बगहा तक की यात्रा की। सांसद श्री सिंह ने भी अपनी तरफ से अतिरिक्त 20 यात्रियों को यात्रा टिकट उपलब्ध करवाया।
कार्यक्रम में मोतिहारी विधायक पूर्व मंत्री बिहार सरकार प्रमोद कुमार, बिहार राज्य मछुआ आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, अपर रेल प्रबंधक आलोक कुमार, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति, उपमहापौर डॉ० लालबाबू प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता एवं प्रकाश अस्थाना सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन स्टेशन मास्टर बापूधाम रेलवे स्टेशन दिलीप सिंह ने किया।











